राणापुर/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/राणापुर थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे कत्ल के मामले का झाबुआ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 03 जनवरी 2026 की रात हुई इस वारदात में मृतक का सगा भाई ही हत्यारा निकला। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अपने ही भाई की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना राणापुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाए जाने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मौत का कारण गला दबाए जाने से दम घुटना बताया गया, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात मृतक दुला मचार और उसके सगे भाई हिमता मचार के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने रात्रि के समय वारदात को अंजाम दिया।
हत्या का मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमता मचार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अंधे कत्ल के इस खुलासे में थाना राणापुर प्रभारी निरीक्षक दिनेश रावत, उपनिरीक्षक ब्रिजेन्द्र छाबरिया, सहायक उपनिरीक्षक कडेबसिंह मेडा, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र, आरक्षक दिनेश, विवेक कुमार एवं दिनेश भयडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









