झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/शहर में छोटी-छोटी चोरी की वारदातों के बीच एक अजब-गजब मामला लोगों की चर्चा का केंद्र बना हुआ है। घी चोरी करने वाला बुलेट सवार युवक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि पहली वारदात के बाद पहचान होने के बावजूद आरोपी दूसरी बार फिर उसी दुकान पर चोरी करने पहुंच गया और दुकानदार की सतर्कता के चलते रंगे हाथों पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, 28 तारीख को शहर के एक किराना व्यापारी की दुकान पर बुलेट बाइक से एक युवक पहुंचा। मौका पाते ही दुकान से घी का पैकेट उठाया और बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। मामले के बाद दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें युवक की करतूत साफ दिखाई दे रही थी। फुटेज पुलिस तक पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई।
इसी बीच आज सुबह वही युवक दोबारा घी चोरी करने पहुंच गया। जैसे ही उसने पहले की तरह घी उठाया, दुकानदार ने उसे पहचान लिया। पहले से सतर्क दुकानदार ने तत्काल बाहर मौजूद लोगों को आवाज दे दी और पुलिस को सूचना भी दे दी। कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ और सतर्कता के चलते वह सफल नहीं हो सका। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है कि वह अकेला चोरी करता था या किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है। शहर में लगातार हो रही चोरियों के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर आमजनों में राहत का माहौल है।







