CG Morning News : राजधानी रायपुर में आज कई गतिविधियां एक साथ देखने को मिल रही हैं। जहां एक ओर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रहे है, तो वहीं प्रशासन ने धार्मिक त्योहारों पर मांस-मटन बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आज राज्य के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रमुख मांगों में जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता (DA) एरियर्स को जीपीएफ खाते में जमा करने और चार स्तरीय पदोन्नति व समयमान वेतनमान लागू करने की मांग शामिल है।
मांस बिक्री पर प्रतिबंध
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 20 मार्च (चेट्रीचंड), 27 मार्च (रामनवमी) और 31 मार्च (महावीर जयंती) के मौके पर मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह आदेश महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर जारी किया गया है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने साफ तौर पर कहा है कि इस दौरान पशुवध गृह और मांस की दुकानें बंद रहेंगी। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कार्यक्रम
सीएम साय आज सुबह मुख्यमंत्री निवास से नवा रायपुर के लिए रवाना होंगे। वे दिनभर विधानसभा सत्र में शामिल रहने के बाद शाम 4 बजे IIIT Naya Raipur में आयोजित “21st छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस 2026” में भाग लेंगे और फिर वापस रायपुर लौटेंगे।
धर्मांतरण कानून के विरोध में जोगी कांग्रेस
छत्तीसगढ़ सरकार के नए धर्मांतरण कानून के विरोध में अमित जोगी के नेतृत्व में जोगी कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल रामेन डेकन से मुलाकात करेगा और अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा।
देर रात तक खुले बार पर कार्रवाई
जिला प्रशासन ने देर रात तक संचालित होने वाले बार पर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन बारग्रैंड इंपीरिया, रास्ता और क्लब मिथ्या के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई 17 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत की गई है।









