त्यौंथर रीवा/ खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर त्योंथर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चाकघाट नगर परिषद में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज ने योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित नागरिकों के साथ योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बनाने के संदेश को आत्मसात किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग और प्राणायाम अत्यंत आवश्यक हैं। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम निरोग, ऊर्जावान और अनुशासित जीवन की ओर बढ़ सकते हैं।
सामूहिक योगाभ्यास के उपरांत विधायक तिवारी ने चाकघाट नगर परिषद के उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता के निवास पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से आत्मीय भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा जनहित से जुड़े विषयों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









