चंदेरी। वाहन क्रमांक UP 32 PP 6004 स्कार्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए भरत सिंह यादव की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं होने का मामला सामने आया है। पुलिस से सुनवाई नहीं होने पर मंगलवार को किसान संघ के बैनर तले अध्यक्ष विरमाल सिंह यादव के साथ एसडीएम चंदेरी को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार 12 सितंबर 2026 को भरत सिंह यादव को उक्त स्कार्पियो के चालक द्वारा टक्कर मार दी गई थी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित द्वारा पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई एवं एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ एसडीएम चंदेरी के समक्ष अपनी समस्या रखी। आवेदन में घटना की निष्पक्ष जांच कराने, वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की गई।
एसडीएम चंदेरी ने आवेदन प्राप्त कर मामले को पुलिस अधीक्षक अशोकनगर को भेजने की बात कही। साथ ही उन्होंने पीड़ित भरत सिंह यादव को मामले में आवश्यक कार्रवाई कराकर पूरा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
अब पीड़ित पक्ष को उम्मीद है कि पुलिस अधीक्षक अशोकनगर के स्तर से मामले की जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दुर्घटना के मामले में पीड़ित को न्याय मिलेगा।







