CG Election 2026: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय उपचुनाव के नतीजों ने प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर के इंदिरा गांधी वार्ड 17 में हुए पार्षद पद के उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इस चुनावी रण में कांग्रेस ने न केवल अपने तीन दशक पुराने अभेद्य किले को सुरक्षित रखा, बल्कि राज्य के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के गृह शहर में ही बीजेपी को करारी मात दे दी। कांग्रेस प्रत्याशी रामदत्त तिवारी ने बीजेपी को पटखनी देते हुए 436 मतों से जीत हासिल की है।
जानें किसे मिले कितने वोट?
1 जून 2026 को हुए मतदान के बाद आज जब मतगणना के आंकड़े सामने आए, तो वह भाजपा के लिए काफी चौकाने वाले थे। इस दिलचस्प मुकाबले में कांग्रेस के रामदत्त तिवारी को कुल 814 वोट हासिल हुए। वहीं, भाजपा के उम्मीदवार को जनता ने नकार दिया और वे महज 378 वोटों पर ही सिमट कर रह गए। बता दें कि इस वार्ड में कुल 1542 मतदाता हैं, जिनमें से 1229 वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
तीन पीढ़ियों से कांग्रेस का कब्जा
आपको यह भी बता दें कि यह वार्ड पारंपरिक रूप से कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है, और इस बार भी इतिहास खुद को दोहराने में सफल रहा। दरअसल, यह सीट इंदिरा गांधी वार्ड के कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के चलते रिक्त हुई थी। इस वार्ड की जनता पर अब्दुल रशीद और उनके परिवार का प्रभाव इस कदर था कि वे खुद यहां से 4 बार पार्षद चुने गए थे। उनसे पहले उनकी माता जी दो बार पार्षद रह चुकी थीं। पिछले 30 सालों से इस सीट पर कांग्रेस का ही एकतरफा कब्जा बना हुआ है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को झेलनी पड़ी हार
इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न माना जा रहा था क्योंकि मैदान में बड़े चेहरे शामिल थे। बीजेपी ने इस सीट को कांग्रेस से छीनने के लिए पूरी ताकत झोंकी थी और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नजदीकी माने जाने वाले मनोहर दत्त तिवारी पर दांव खेला था। लेकिन बीजेपी की तमाम कोशिशों के बावजूद वे चुनाव हार गए। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के रामदत्त तिवारी और भाजपा के मनोहर दत्त तिवारी के बीच ही रहा, जबकि आम आदमी पार्टी से रुबीना कुरैशी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में असफल रही।









