Roop Narayan Sinha Dies: छत्तीसगढ़ की साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त और छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का सोमवार को बिलासपुर में आकस्मिक निधन हो गया। वे भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां अचानक आए कार्डियक अरेस्ट के कारण उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
मिली जानकारी के मुताबिक, रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में शामिल होने पहुंचे थे। सोमवार को कार्यक्रम के दौरान ही अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे अस्वस्थ महसूस करने लगे। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले ने उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिविर में मौजूद थे डिप्टी सीएम साव
तिफरा में सोमवार से शुरू हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में सूबे के कई बड़ं नेता मौजूद थे। जिस समय यह दुखद घटना घटी उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।
कौन थे रूपनारायण सिन्हा?
बता दें कि रूपनारायण सिन्हा की गिनती छत्तीसगढ़ भाजपा के सबसे वफादार नेताओं में होती थी। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की विचारधार से जुड़कर काम कर रहे थे। राजनीति के साथ-साथ वे योग के प्रचार-प्रसार व स्वस्थ जीवन के संदेश को लोगों तक पहुंचाने में उन्होंने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। साय सरकार ने उनके इस कार्य को देखते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था।









