MP Congress: छिंदवाड़ा जिले की राजनीति और कांग्रेस से जुड़े एक दुखद नुकसान की खबर सामने आई है। क्षेत्र के वरिष्ठ और कद्दावर कांग्रेस नेता राजेंद्र पटेल का आज निधन हो गया। वे पिछले लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति का एक जाना-माना और सक्रिय चेहरा थे। उनके अचानक निधन की खबर फैलते ही पूरे छिंदवाड़ा जिले और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
कमलनाथ के थे करीबी
राजेंद्र पटेल के निधन को पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा के कद्दावर नेता कमलनाथ के लिए एक बड़ा व्यक्तिगत और राजनैतिक झटका माना जा रहा है। अपने सबसे पुराने और भरोसेमंद साथी के जाने से दुखी पूर्व सीएम कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर एक भावुक शोक संदेश जारी किया। कमलनाथ ने लिखा है कि छिंदवाड़ा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मेरे प्रिय साथी रहे राजेंद्र पटेल जी के निधन का समाचार सुनकर मुझे अत्यंत दुःख हुआ है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके अवसान से कांग्रेस परिवार और पूरे जिले की क्षेत्रीय राजनीति को एक ऐसी अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई नामुमकिन है। कमलनाथ ने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और उनके तमाम शुभचिंतकों को इस गहरे आघात और दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की है।
सक्रिय थे राजेंद्र पटेल
बताया जा रहा है कि राजेंद्र पटेल केवल दफ्तरों तक सीमित रहने वाले नेता नहीं थे, बल्कि उनकी छिंदवाड़ा के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मजबूत जमीनी पकड़ थी। वे हमेशा कांग्रेस संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे।
श्रद्धांजलि देने उमड़ सैलाव
राजेंद्र पटेल के निधन की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद से ही छिंदवाड़ा के स्थानीय कांग्रेस नेताओं, विधायकों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने उनके निवास पर पहुंचकर और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।









