रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी । रीवा में शिक्षा के नाम पर हैवानियत का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम को पहाड़ा नहीं सुना पाने की ऐसी सजा मिली, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया।
आरोप है कि ट्यूशन टीचर और उसके पति ने मिलकर बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बच्ची साक्षी चौबे नाम की शिक्षिका के यहां ट्यूशन पढ़ने जाती थी।
आरोप है कि पहाड़ा नहीं सुना पाने पर शिक्षिका ने अपने पति गोलू चौबे को बुलाकर बच्ची की डंडों और लात-घूंसों से पिटाई करवा दी। मारपीट में बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान आए हैं। घटना के बाद परिजन बच्ची को लेकर सिटी कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









