भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाड़ली बहना योजना को लेकर दिया गया एक मजाकिया बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मुख्यमंत्री रविवार 4 अक्टूबर को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित बुंदेली समागम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बुंदेलखंड से जुड़े कई कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान छतरपुर की बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी ने मुख्यमंत्री से बुंदेली अंदाज में सवाल किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी ‘जिज्जियों’ यानी बहनों के लिए काफी कुछ किया है, अब ‘जिज्जियों की बिन्नुओं’ यानी बेटियों के लिए वे क्या करना चाहते हैं?
सवाल सुनकर हंस पड़े मुख्यमंत्री
बिन्नू रानी का सवाल सुनकर मुख्यमंत्री मोहन यादव मुस्कुरा दिए। इसके बाद उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा, 'तुमको मालूम नहीं, लाड़ली बहना ही बहुत महंगी पड़ गई। मुझे क्या पता था मुख्यमंत्री बनते ही इतनी भारी मार पड़ती है।' मुख्यमंत्री के इस जवाब पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी का माहौल बन गया। कार्यक्रम के दौरान कही गई मुख्यमंत्री की यह बात अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
रीवा की सियासत में दिग्गजों की आमद… विधायक सिद्धार्थ तिवारी को मिल रही खास जगह!
बुंदेली समागम में दिखा अलग अंदाज
रविवार को आयोजित बुंदेली समागम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुंदेलखंड की संस्कृति, भाषा और यहां के कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भाषा और अंदाज में हुए सवाल-जवाब ने माहौल को काफी सहज और मनोरंजक बना दिया। लाड़ली बहना योजना को लेकर मुख्यमंत्री की टिप्पणी का वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह बात कार्यक्रम के दौरान हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में कही थी।









