भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के सतगढ़ी में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन किया। इस मौके पर देश और प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। राज्य सरकार का कहना है कि यह परियोजना भोपाल को औद्योगिक विकास और निवेश का नया केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उद्योग और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
सरकार के अनुसार, स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क बनने से नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा। इससे निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
UCC पर बोले CM- इसी महीने आएगा कानून
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसी महीने UCC कानून लाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस विषय पर प्रदेशभर से जनता की राय ली है और 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं।
'जनता की राय के आधार पर होगा फैसला'
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती तो सीधे विधानसभा में विधेयक ला सकती थी, लेकिन जनता की राय को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि सुझावों के आधार पर कानून तैयार किया जा रहा है और इसे हर हाल में लागू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष इस कानून को किसी धर्म विशेष से जोड़ने की कोशिश करेगा।
ये भी खबर पढ़ें..









