ग्वालियर/खबर डिजिटल/ ग्वालियर पहुंचे कंप्यूटर बाबा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर बयान दिया है। उन्होंने सिंधिया समर्थक नेताओं पर राजनीतिक निशाना साधते हुए दावा किया कि इनमें से कुछ नेता अब कांग्रेस में लौटने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। कंप्यूटर बाबा ने सिंधिया समर्थकों की तुलना पानी से बाहर तड़पती मछली से करते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं की परिस्थितियां अब पहले जैसी नहीं हैं। उनके मुताबिक, कई नेता दोबारा कांग्रेस में आने के लिए रास्ते तलाश रहे हैं।
दिग्विजय सिंह समर्थक माने जाते हैं कंप्यूटर बाबा
कंप्यूटर बाबा कांग्रेस नेतृत्व को दलबदल कर दूसरी पार्टी में जाने वाले नेताओं को वापस लेने को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी। उन्होंने के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में सिंधिया समर्थक नेताओं और दल-बदल की राजनीति को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। माना जाता है कि कंप्यूटर बाबा पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के समर्थक हैं। जिनके बयानों के मायने काफी महत्वपूर्ण हुआ करते हैं, जोकि सियासत को घुमाने में माहिर होते हैं।
राजनीति में नया रंग
गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में मार्च 2020 में कांग्रेस के कई विधायकों और समर्थक नेताओं ने पार्टी से अलग होकर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा सत्ता परिवर्तन हुआ था। अब कंप्यूटर बाबा के ताजा बयान ने इन नेताओं के राजनीतिक भविष्य और संभावित वापसी को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
कांग्रेस में वापसी की चर्चा!
हालांकि, कांग्रेस में वापसी को लेकर जिन नेताओं के नामों की चर्चा की जा रही है, उनकी ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट सार्वजनिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में कंप्यूटर बाबा का बयान फिलहाल उनके व्यक्तिगत राजनीतिक दावे के तौर पर देखा जा रहा है।









