MP Rajya Sabha: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर दिल्ली जाने वाले सांसदों की रेस को लेकर सुगबुगाहट चरम पर पहुंच गई है। प्रदेश से खाली हो रही राज्यसभा की सीटों पर कब्जा जमाने के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, दोनों ही खेमों के दिग्गज नेता पर्दे के पीछे से लेकर आलाकमान के दरबार तक सक्रिय हो गए हैं। जहां एक तरफ कांग्रेस के अंदर पुराने नेता और नए संगठन कप्तानों के बीच रस्साकशी जारी है, वहीं भाजपा में चौंकाने वाले नामों और नए चेहरो पर मंथन शुरू हो चुका है।
कतार में नाथ से लेकर पटवारी
विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस के खाते में आने वाली सीमित सीट को लेकर पार्टी के अंदर दावेदारों की लंबी सूची है। सूत्रों के मुताबिक इस रेस में चार सबसे बड़े चेहरे सबसे आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता कमलनाथ एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होने के लिए राज्यसभा के मुख्य दावेदार बनकर उभरे हैं। वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम को लेकर भी पार्टी के युवा धड़े में पैरवी तेज है। तो वही निमाड़ अंचल से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और विंध्य क्षेत्र से कद्दावर ओबीसी नेता कमलेश्वर पटेल भी दिल्ली जाने की लॉबिंग कर रहे हैं।
BJP में नए आदिवासी चेहरे की तलाश
सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के खेमे में हमेशा की तरह इस बार भी नाम तय करने का पैटर्न सस्पेंस से भरा हुआ है। भाजपा को लेकर जो बड़े इनपुट्स सामने आ रहे हैं, उसके अनुसार कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट के दो वरिष्ठ और रसूखदार मंत्रियों को इस बार राज्यसभा भेजकर दिल्ली की राजनीति में शिफ्ट किया जा सकता है। वर्तमान आदिवासी राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी दोबारा से टिकट पाने के लिए सक्रिय हैं। हालांकि, सूत्रों की मानें तो पार्टी इस बार सुमेर सिंह के स्थान पर किसी नए आदिवासी चेहरे को मौका देने पर विचार कर रही है।
कुरियन की सीट पर आएगा बाहरी चेहरा!
राजनैतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन वाली राज्यसभा सीट को लेकर है। भाजपा सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि इस सीट पर मध्य प्रदेश के किसी स्थानीय नेता को मौका मिलने की उम्मीद बेहद कम है। शीर्ष नेतृत्व के समीकरणों को देखते हुए इस सीट पर एक बार फिर दिल्ली के निर्देश पर किसी बाहरी चेहरे को ही संसद भेजा जा सकता है।









