MP MLA Car Accident: मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे पर मवेशियों के कारण एक कार हादसे का शिकार हो गई। सिवनी जिले की लखनादौन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह (बाबा) ठाकुर की स्कॉर्पियो कार आज सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटना के कुछ ही मिनटों के अंदर वाहन में अचानक आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। इस हादसे में विधायक, उनके सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
अचानक सामने आ गाय
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण हाईवे पर अचानक आवारा पशु का आना बताया जा रहा है। कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह ठाकुर आज सुबह जबलपुर से वापस अपने क्षेत्र लखनादौन की ओर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर धूमा के नजदीक बंजारी इलाके में अचानक विधायक की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के सामने एक गाय आ गई। मवेशी को बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
आग का गोला बनी स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है कि हादसे का जो मंजर था, वह बेहद खौफनाक था। टक्कर होते ही गाड़ी के अगले हिस्से से धुंआ निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी स्कॉर्पियो आग की लपटों से घिर गई। गनीमत यह रही कि दुर्घटना होते ही वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बहादुरी दिखाई। उन्होंने तुरंत स्कॉर्पियो के दरवाजे खोलकर अंदर फंसे विधायक योगेंद्र सिंह, उनके गनमैन और ड्राइवर को समय रहते सुरक्षित बाहर खींच लिया।
पूरी कार खाक
जैसे ही तीनों को बाहर निकाला गया, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हादसे की जानकारी मिलते ही धूमा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दमकल की गाड़ियों के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया।
विधायक की हालत स्थिर
डॉक्टरों के अनुसार, विधायक योगेंद्र सिंह ठाकुर और उनके स्टाफ का इलाज अस्पताल में जारी है। उनके शरीर पर कुछ चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि सभी की स्थिति पूरी तरह स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।









