खबर डिजिटल | गरियाबंद | मनमोहन नेताम / गरियाबंद जिले में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। शनिवार को मैनपुर मुख्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने बिजली मीटर लेकर बिजली दफ्तर का घेराव किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बिजली बिल की प्रतियां जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। मैनपुर सब स्टेशन के पास भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा चलाई जा रही हाफ बिजली बिल योजना को वर्तमान भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है, जिससे राज्य के करीब 54 लाख उपभोक्ता परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं लेती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता के हक के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।









