सतना/खबर डिजिटल/ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सतना एवं मैहर जिले के ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों तथा मंडलम अध्यक्षों के लिए दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सतना में किया गया। प्रशिक्षण शिविर में संगठन को सशक्त बनाने, जनसरोकारों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष चर्चा की गई।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और मजबूत आधार प्रदान करेगा तथा आने वाले समय में एक सशक्त, संगठित और जनहित के लिए संघर्ष करने वाली कांग्रेस के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेंद्र सिंह जी ने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक श्री नीलांशु चतुर्वेदी, मतदाता सूची पुनरीक्षण विभाग के प्रभारी ललित सेन तथा मीडिया विभाग के प्रवक्ता श्री आनंद जाट ने भी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन विस्तार, मतदाता सूची पुनरीक्षण, प्रभावी संवाद, मीडिया प्रबंधन तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को मजबूत करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी श्री महेंद्र जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
प्रशिक्षण शिविर में सतना ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ कुशवाहा, मैहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री धर्मेश घई, सतना शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री आरिफ इकबाल सिद्दीकी सहित सतना एवं मैहर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष एवं मंडलम अध्यक्ष उपस्थित रहे।
दो दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक क्षमता विकास, नेतृत्व निर्माण, बूथ सशक्तिकरण तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।









