सिवनी/खबर डिजिटल/ संवाददाता राकेश यादव/ सिवनी जिले की केवलारी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चोरापाठा में मूलभूत सुविधाओं की कमी एक बार फिर उजागर हो गई। गांव में टीन शेड युक्त श्मशान घाट नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बीच परिजनों और ग्रामीणों को मजबूरन तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद ग्राम पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से श्मशान घाट पर टीन शेड निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पहली ही बारिश ने पंचायत की तैयारियों और विकास कार्यों की पोल खोल दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द श्मशान घाट पर टीन शेड सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसे कठिन समय में अतिरिक्त परेशानियों का सामना न करना पड़े।









