खबर digital news कटनी-- जिस थाने की जिम्मेदारी अपराधियों को कानून के शिकंजे में रखना है, उसी थाने से चोरी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। माधवनगर थाने में हुई इस घटना ने पुलिस की अभिरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी के फरार होते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश में टीमें रवाना करनी पड़ीं।जानकारी के अनुसार, सोनू साहू (22) को अमकुही पहाड़ी स्थित दो फैक्ट्रियों में हुई चोरी के मामलों में पूछताछ के लिए हिरासत में लाया गया था। पुलिस के अनुसार उससे पूछताछ में चोरी की वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए थे। इसके बावजूद शनिवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच वह पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब थाने के भीतर मौजूद आरोपी भी पुलिस की निगरानी में सुरक्षित नहीं रह सका, तो अपराध नियंत्रण को लेकर जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा? पुलिस की अभिरक्षा से आरोपी का भाग निकलना केवल एक व्यक्ति का फरार होना नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का संकेत माना जा रहा है।घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में घेराबंदी कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। इससे पुलिस की कार्रवाई और अभिरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल और गहरे हो गए हैं।थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या इस चूक के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी, या मामला केवल आरोपी की तलाश तक सीमित रह जाएगा? आरोपी की फरारी ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस की आंतरिक निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
कटनी se सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









