भोपाल। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने प्रस्तावित स्टार प्रचारकों की सूची तैयार कर ली है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से 11 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई यह सूची अब सामने आ गई है। इसमें मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और संगठन के कई वरिष्ठ नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे प्रचार की अगुवाई
प्रस्तावित सूची के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे। दोनों नेता दतिया में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभाएं और जनसंपर्क करेंगे।
शिवराज, सिंधिया और नरोत्तम मिश्रा को भी मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। इनके अलावा कई वरिष्ठ नेताओं को भी प्रचार अभियान में उतारा जाएगा।


उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री भी करेंगे चुनाव प्रचार
सूची में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल के साथ वरिष्ठ मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह को भी जगह दी गई है। पार्टी इन नेताओं के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में चुनाव प्रचार को गति देने की तैयारी कर रही है।
ग्वालियर-चंबल के नेताओं पर भाजपा का खास फोकस
दतिया ग्वालियर-चंबल संभाग का हिस्सा है। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति अपनाई है। पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा एदल सिंह कंसाना, प्रद्युम्न सिंह तोमर, नारायण सिंह कुशवाहा, सुमित्रा वाल्मीकि और शैतान सिंह पाल सहित कुल 40 नेताओं को प्रस्तावित स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है।
ये खबर भी पढ़ें..









