इंदौर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार-बुधवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस ट्रेलर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। बस में कुल 37 यात्री सवार थे।
रात 2:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेज थी कि बचने का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली, जिससे बस का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। हादसे के समय बस में 37 यात्री मौजूद थे। कई यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही फंस गए।
पहले 2 मौतों की सूचना, बाद में संख्या बढ़कर 8 हुई
शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। पुलिस ने बताया कि 17 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं मृतकों के शव भी अस्पताल पहुंचाए गए हैं।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। आग पर काबू पाने के बाद बस को हटाया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना की असली वजह साफ हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़ें..









