डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ अगर आप डिंडौरी नगर परिषद क्षेत्र में रहते हैं और आपका मकान/दुकान कर या पानी का बिल बकाया है, तो सावधान हो जाइए, नगर परिषद अब ढिलाई के मूड में बिल्कुल नहीं है।
निकाय प्रशासन ने बकायादारों पर नकेल कसने के लिए आर-पार का फरमान जारी कर दिया है—"15 दिन के भीतर टैक्स चुकाएं, वर्ना शहरभर में नाम का ढिंढोरा पीटा जाएगा!"
नगर परिषद डिंडौरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साफ कर दिया है कि अगले 15 दिनों के भीतर जिन करदाताओं ने अपना बकाया संपत्तिकर और जलकर जमा नहीं किया, उनके खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई होगी कि बाद में पछताने का भी मौका नहीं मिलेगा।
लापरवाही की तो भुगतने होंगे ये 3 बड़े परिणाम:
नगर परिषद बकाएदारों के नाम की पूरी सूची तैयार कर दैनिक समाचार पत्रों में सार्वजनिक रूप से छपवाएगी।
पानी के बिल की अनदेखी करने वालों के घर/दुकान का पानी का कनेक्शन नियमानुसार तुरंत काट दिया जाएगा।
संपत्तिकर जमा न करने की सूरत में नगर परिषद सख्त कानूनी प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू करेगी।
नगर परिषद प्रशासन ने सभी मकान/दुकान मालिकों और जल उपभोक्ताओं से भावुक और सख्त लहजे में अपील की है कि वे समय सीमा खत्म होने का इंतजार न करें। समय पर टैक्स भरकर इस बड़ी असुविधा, सामाजिक शर्मिंदगी और दंडात्मक कानूनी कार्रवाई से बचें। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि 15 दिन की मियाद पूरी होने के बाद किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी और होने वाले नुकसान के जिम्मेदार संपत्तिधारक स्वयं होंगे।









