डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव / Dindori Nasha Mukti Abhiyan 2.0: डिंडौरी, नशामुक्त समाज के निर्माण और लोगों को नशे के नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में 'नशा मुक्ति अभियान 2.0' के तहत एक बड़ी मानव श्रृंखला बनाई गई और शहर में जागरूकता रैली निकाली गई।
Nasha Mukti Abhiyan कार्यक्रम का आयोजन 'सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग' और 'पुलिस विभाग' ने मिलकर किया। इसका मुख्य मकसद युवाओं और आम लोगों को नशे से दूर रहने और एक बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

"विधान से जन कल्याण : 16वीं विधानसभा के कार्यकाल के दो वर्ष" पुस्तक का विमोचन - Khabar Digital
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं, सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई। इसके बाद शहर के मुख्य रास्तों से होकर एक रैली निकाली गई, जिसमें बच्चों और युवाओं ने नारे लगाकर लोगों से नशा छोड़ने की अपील की।
रैली में शामिल लोगों को समझाते हुए अधिकारियों ने कहा कि नशा हर बुराई की जड़ है। यह किसी भी व्यक्ति, उसके परिवार और पूरे समाज के भविष्य को खराब करता है। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ लोगों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में सकारात्मक सोच पैदा करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गयी । इस दौरान शहर 'नशामुक्त डिंडौरी' और 'नशामुक्त भारत' के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी , यातायात थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी, पुलिस विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी मौजूद रहे।









