मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) के भोपाल जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी का अचानक निधन हो गया. रविवार को वे अपने परिवार के साथ एमपी नगर स्थित डीबी मॉल में खरीदारी करने आए थे. गाड़ी पार्क करने के बाद जैसे ही वे पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी रास्ते में लगे एक बिजली के पोल की चपेट में आ गए. खंभे में तेज करंट दौड़ रहा था, जिसकी वजह से उन्हें जोरदार झटका लगा और वे सड़क पर तड़पकर गिर पड़े. हादसे के दौरान उनके साथ चल रहीं उनकी पत्नी को भी करंट का हल्का झटका महसूस हुआ.
पुलिसकर्मियों ने दिया CPR, एम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाई और दिव्यऋषि तिवारी को बचाने के लिए मौके पर ही सीपीआर (CPR) देने का प्रयास किया. हालांकि, उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके तुरंत बाद उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं न होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें एम्स भोपाल रेफर कर दिया. एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के आते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया.
भाजपा संगठन में शोक की लहर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दिव्यऋषि तिवारी के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे भाजपा परिवार में शोक की लहर फैल गई है. वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है. वहीं दूसरी ओर, राजधानी के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में खुलेआम बिजली के पोल में करंट दौड़ने की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और नगर निगम व बिजली विभाग की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की पूरी जांच शुरू कर दी है.









