जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी/ मध्यप्रदेश के जबलपुर की पूर्व विधानसभा में बिजली समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुआ। विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया ने क्षेत्र में व्याप्त गंभीर बिजली समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने ओमती और मदार टेकरी क्षेत्र में नए फीडरों के निर्माण, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति और ओवरलोडिंग की समस्या से निपटने के लिए उच्च क्षमता वाले 8 और 10 एम.वी.ए. पावर ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने स्मार्ट मीटरों से आ रहे अत्यधिक और अनियमित बिलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा बिना पूर्व सूचना के की जा रही अघोषित कटौती पर रोक लगाने की भी पुरजोर वकालत की है।
विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए विधायक लखन घनघोरिया ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने इन जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर एक व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं के कारण जनता में भारी आक्रोश है और इसके बाद उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति की समस्त जिम्मेदारी सीधे तौर पर विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी।









