रीवा/ खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ त्यौंथर तहसील के नवीन तहसील भवन परिसर में भूतपूर्व सैनिक योगेश तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रैली निकालकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रीवा कलेक्टर प्रत्येक माह त्यौंथर तहसील में कैंप लगाकर जनसुनवाई करें, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए रीवा मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठे रहे।
त्यौंथर तहसील स्थित नवीन तहसील भवन परिसर में भूतपूर्व सैनिक योगेश तिवारी एवं ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए रैली निकाली और नारेबाजी की।
मूलभूत समस्याओं का नहीं हो रहा समाधान
धरने में शामिल लोगों का कहना था कि क्षेत्र में राजस्व, सड़क, बिजली, पेयजल सहित कई मूलभूत समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है। शिकायतें किए जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने रीवा कलेक्टर से मांग की कि प्रत्येक माह कम से कम एक बार त्यौंथर में कैंप लगाकर जनसुनवाई की जाए, जिससे स्थानीय लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण हो सके।
भूतपूर्व सैनिक योगेश तिवारी का कहना
भूतपूर्व सैनिक योगेश तिवारी ने कहा कि प्रशासन को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।









