रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के खौर कोठी गांव में एक किसान की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने भू-माफियाओं और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक किसान ने कथित तौर पर सुसाइड नोट छोड़ने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि जमीन हड़पने और न्याय न मिलने से परेशान होकर किसान ने यह कदम उठाया।
मृतक की पहचान सुखलाल साकेत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुखलाल ने आर्थिक तंगी के चलते अपनी जमीन गिरवी रखकर ढाई लाख रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि गहननामा (बंधक) कराने के बजाय आरोपियों ने धोखे से जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली।
परिजनों का कहना है कि किसान ने इस मामले की शिकायत थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य अधिकारियों से की थी, लेकिन कहीं से भी न्याय नहीं मिला। मृतक के पुत्र राकेश कुमार साकेत का आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए उनके पिता को लगातार जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं।
बताया जा रहा है कि लगातार मानसिक तनाव और न्याय की उम्मीद टूटने के बाद सुखलाल साकेत ने सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगा ली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।









