रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ सेमरिया में रात 12 बजे होटल में आग से दुकान जलकर खाक हुई। नगर परिषद की टीम के तुरंत एक्शन मोड में आने से आग पर काबू पाया गया। नगर परिषद की फायर टीम की सक्रियता से बड़ी घटना टल गई।
कैसे लगी आग?
रीवा रोड स्थित चेतना मेडिकल के बगल में संचालित आरव स्वीट्स और बेकारी में रात लगभग 12 बजे के करीब भीषण आग लग जाने से होटल में रखी सभी सामग्री जलकर खाक हो गई। आग इतनी भीषण थी कि घर की छत तक फट गई गाटर पटिया सब जलकर पिघलने लगा, आग अपना तांडव मचा रही थी और धीरे धीरे अगल बगल के घरों को अपने आगोश में ले रही थी, जिसके बाद नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
आग लगने के बाद वार्ड वासियों ने तुरंत नगर परिषद् फायर बिग्रेड ऑपरेटर थाना प्रभारी को सूचित किया, मौके पर फोन लगाते ही 15 मिनट के अंदर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। आरव स्वीट्स एवं बेकरी की पूरी दुकान जलकर खाक हो गई। कई लाख का सामान जलकर नुकसान होना बताया जा रहा है, वहीं नगर परिषद की फायर टीम की अथक प्रयास से कई दुकानों को जलने से बचाया गया है, आग लगने का प्रथम दृष्टया कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले के जांच में जुटी हुई है।









