BJP Politics: छत्तीसगढ़ के राजनैतिक गलियारों से भाजपा को झटका देने वाली खबर सामने आई है। सूबे में चल रही उथल-पुथल के बीच भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कमान संभाल चुके दिग्गज नेता रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा मंडल अध्यक्ष को भेजने के साथ ही उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी पोस्ट किया है।
नेतृत्व से बगावत
राजनैतिक जानकारों का मानना है कि रवि भगत पिछले काफी समय से पार्टी के फैसलों और नीतियों से असहमति जता रहे थे। हालिया दिनों में उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर पार्टी नेतृत्व की आलोचना की थी, जिसका पटाक्षेप इस्तीफे के रूप में हुआ है। रवि भगत का इस तरह अचानक जाना भाजपा संगठन के अंदर चल रहे असंतोष और मतभेदों की गवाही दे रहा है। बता दें कि रवि भगत छत्तीसगढ़ में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रहने के साथ-साथ संगठन में राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
भगत के इस्तीफे की खबर सामने आते ही विपक्षी खेमे को सरकार और संगठन के आंतरिक तालमेल पर हमला बोले का मौका मिल गया है। दूसरी तरफ, डैमेज कंट्रोल के लिए बीजेपी के आला नेताओं ने भी नाकेबंदी तेज कर दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रवि भगत का अगला स्टैंड क्या होता है और वे किस नई राजनैतिक पार्टी में जाएंगे।









