डेस्क। जून महीने के पहले कारोबारी दिन सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में सोना 1500 रुपये से ज्यादा फिसल गया, जबकि चांदी में भी कमजोरी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक संकेतों का असर कीमती धातुओं पर दिखाई दिया।
MCX पर सोने में बड़ी गिरावट
MCX पर 5 अगस्त डिलीवरी वाला सोना पिछले कारोबारी सत्र में 1,60,911 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोमवार को इसकी शुरुआत 1,60,193 रुपये पर हुई।
शुरुआती कारोबार के दौरान सोने में तेज गिरावट देखने को मिली और यह 1,561 रुपये टूटकर 1,59,350 रुपये तक पहुंच गया। सुबह 9:55 बजे तक सोना 1,210 रुपये यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,701 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

चांदी की कीमत में भी दिखी कमजोरी
3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,66,998 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। आज यह 2,68,093 रुपये पर खुली, लेकिन शुरुआती कारोबार में इसमें भी गिरावट देखने को मिली।
चांदी 1,485 रुपये टूटकर 2,65,513 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। सुबह 9:55 बजे यह 458 रुपये की गिरावट के साथ 2,66,540 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करती दिखाई दी।
सर्राफा बाजार में भी कम हुए दाम
घरेलू सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
- 24 कैरेट सोना: ₹820 घटकर ₹1,56,220 प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट सोना: ₹750 घटकर ₹1,43,200 प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट सोना: ₹610 घटकर ₹1,17,170 प्रति 10 ग्राम
- चांदी: ₹2,80,000 प्रति किलोग्राम
प्रमुख शहरों में आज का सोने का भाव
दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,56,370 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि मुंबई और कोलकाता में इसकी कीमत ₹1,56,220 रही। भोपाल और इंदौर में सोना ₹1,56,270 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आने वाले दिनों में सोने और चांदी की चाल तय कर सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें..









