खबर डिजिटल कटनी /तेवरी-- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता और समाज के सजग प्रहरी के रूप में पत्रकारों के योगदान को सराहते हुए ग्रेस मिशन स्कूल, तेवरी में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पत्रकारों का सम्मान कर उनके सामाजिक दायित्वों और जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य एच.आर. भारद्वाज ने कहा कि पत्रकार शासन की योजनाओं और नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। समाज में होने वाले अन्याय के विरुद्ध पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से आवाज उठाते हैं और जागरूक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकार जरूरतमंदों और असहाय लोगों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को सामने लाते हैं। जनता से जुड़े सवालों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर जनहित में आवश्यक कदम उठाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है।चुनौतियों के बीच जनहित की आवाज बने रहने का संकल्पसमारोह के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है। इसके बावजूद पत्रकार जनता के प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आम लोगों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे। पत्रकारों ने सम्मान के लिए विद्यालय परिवार का आभार जताते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और समाज के हित में सदैव सहयोग करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर प्राचार्य भारद्वाज ने बताया कि विद्यालय के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर संस्था का गौरव बढ़ाया था। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रगति पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।कार्यक्रम में प्राचार्य एच.आर. भारद्वाज, योगेश दुबे, रागिनी मौर्य, रामा कृष्णा, एडमिन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पत्रकारों के सम्मान की इस पहल की सराहना की गई।
ग्रेस मिशन स्कूल में पत्रकारों का सम्मान, प्राचार्य बोले—लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अहम
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









