ग्वालियर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्वालियर दुर्ग पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए।
ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।
योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का माध्यम है। हर व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

योग से मिलती है ऊर्जा और बेहतर जीवन
ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भी देता है।
उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति को बेहतर जीवन जीना है और शरीर को ऊर्जावान बनाए रखना है, तो योग बहुत जरूरी है। निरोगी शरीर हर व्यक्ति की इच्छा होती है और योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
योग समाज को जोड़ने का जरिया है
ग्वालियर कलेक्टर रुचिता चौहान ने कहा कि वर्ष 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन लगातार हो रहा है और आज यह विश्व स्तर पर एक बड़ा अभियान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि योग का अर्थ जोड़ना होता है। यह समाज में सकारात्मक सोच और अच्छे विचारों को बढ़ावा देता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को जरूर शामिल करना चाहिए।
प्राणायाम और विभिन्न योग मुद्राओं का किया अभ्यास
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, पद्मासन, मकरासन सहित कई योग मुद्राओं का अभ्यास किया। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में लोगों ने योग के जरिए बेहतर स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन का अनुभव किया।
ग्वालियर दुर्ग पर आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ये खबर भी पढ़ें..









