भोपाल। आंखों की कमजोर रोशनी होने से बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन में बड़ी रुकावट आती है। समय पर दृष्टि संबंधी समस्या की पहचान और सही चश्मे का उपयोग बच्चों की पढ़ाई में मददगार हो सकता है। इसी उद्देश्य से उद्दीप सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने अपने अभियान ‘आरोग्यता – Wellness for All’ के तहत ईदगाह हिल्स स्थित शासकीय दिव्यांग विद्यालय के विद्यार्थी को आई चेकअप कैंप से बाद चश्मे बांटे। राष्ट्रपति अवार्डी समाजसेवी सुश्री पूनम श्रोती ने बताया कि उद्दीप वेलफेयर सोसाइटी ने सेवा सदन और आइनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स के सहयोग से 30 जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों को चश्मे उपलब्ध करवाए हैं।
सुश्री पूनम श्रोती ने कहा कि आंशिक रूप से दृष्टि बाधित बच्चों को समय पर जरूरी सहायता मिलने से उन्हें पढ़ाई में लाभ मिलेगा। साथ ही वे अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रियता से भाग ले सकेंगे। यह प्रयास दिव्यांग बच्चों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए शिक्षा का वातावरण बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। पूनम कहती हैं कि दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं तक उनकी पहुंच भी जरूरी है। इसके लिए उनकी संस्था दिव्यांगजनों के लिए निरंतर स्वास्थ्य और जागरुकता शिविरों का आयोजन करती है।
उल्लेखनीय है कि सुश्री पूनम श्रोती ने दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्दीप सोशल वेलफेयर सोसाइटी की शुरुआत की है। दिव्यांग बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समाज, संस्थाओं और सहयोगी संगठनों की भागीदारी आवश्यक है।









