रीवा/खबर डिजिटल/ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के रीवा दौरे के दौरान रोड शो की एक तस्वीर ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है। तस्वीर में प्रदेश अध्यक्ष के एक ओर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और भाजपा जिलाध्यक्ष नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और विधायक सिद्धार्थ तिवारी मौजूद हैं।
एक तस्वीर, कई सियासी संकेत
रीवा में भाजपा के कुल आठ विधायक हैं, ऐसे में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रोड शो के दौरान पहली बार विधायक बने सिद्धार्थ तिवारी की यह करीबी राजनीतिक नजरिए से अहम मानी जा रही है। खासतौर पर तब, जब मुख्यमंत्री का दौरा हो या फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का कार्यक्रम, किसी नेता की लगातार प्रमुख मौजूदगी कई तरह के राजनीतिक संकेत देती है।
क्या बढ़ सकता है सिद्धार्थ तिवारी का कद?
सिद्धार्थ तिवारी रीवा से भाजपा के पहली बार विधायक बने हैं। इसके बावजूद पार्टी के बड़े नेताओं के कार्यक्रमों में उनकी प्रमुख मौजूदगी को लेकर अब संगठन के भीतर और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा आने वाले समय में सिद्धार्थ तिवारी को संगठन या सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी देकर उनका राजनीतिक कद बढ़ा सकती है।
सिद्धार्थ तिवारी पर नजर
हालांकि, फिलहाल इसे लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक संकेत या घोषणा नहीं की गई है। लेकिन रीवा दौरे की तस्वीर ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि क्या भाजपा की नजर सिद्धार्थ तिवारी के राजनीतिक भविष्य पर है?
इंदौर में बंद होगी BSNL की 2G और 3G सिम… 20 हजार उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर









