खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- जिले में एक बार फिर अवैध मुरुम खनन का खेल तेज होता नजर आ रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कुठला, माधवनगर, एनकेजे और स्लीमनाबाद थाना क्षेत्रों में रात होते ही मुरुम माफिया सक्रिय हो जाते हैं और सरकारी जमीनों से अवैध तरीके से मुरुम का उत्खनन किया जा रहा है।आरोप है कि दिन के समय जिन स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं रात ढलते ही जेसीबी मशीनों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगती है। देर रात सड़कों पर मुरुम से लदे हाइवा और ट्रैक्टर-ट्रालियों की आवाजाही शुरू हो जाती है, जिससे अवैध खनन के कारोबार की पोल खुल रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के उजाले में जेसीबी मशीनें खड़ी रहती हैं, लेकिन अंधेरा होते ही खनन का काम तेजी से शुरू हो जाता है। मुरुम माफिया सरकारी संपदा को खुलेआम लूटने में लगे हुए हैं और शासन को लाखों रुपये के राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही है।सूत्रों का आरोप है कि अवैध खनन की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार खनिज विभाग कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे बैठा है। हालात ऐसे हैं मानो विभाग को “सांप सूंघ गया हो”।रातभर चल रहे अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें भी खराब हो रही हैं, वहीं हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। बावजूद इसके खनन माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग इस गंभीर मामले में कब कार्रवाई करता है या फिर मुरुम माफिया इसी तरह सरकारी संपदा पर डाका डालते रहेंगे।
कटनी में फिर सक्रिय हुए मुरुम माफिया, रात के अंधेरे में धड़ल्ले से जारी अवैध खनन
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









