खबर digital News /रिपोर्टर कटनी -- नगर निगम कटनी की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के गजानन कॉम्प्लेक्स के बाजू स्थित नसरवान बाड़ा में कथित रूप से बिना अनुमति और बिना स्वीकृत नक्शे के कई दुकानों का निर्माण कर दिए जाने का मामला सामने आया है। हैरत की बात यह है कि निर्माण कार्य पूरा होने के साथ दुकानों में शटर भी लगा दिए गए, लेकिन नगर निगम का अमला पूरे समय मूकदर्शक बना रहा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि निर्माण नियमों के अनुरूप नहीं था, तो शुरुआती चरण में ही इसे क्यों नहीं रोका गया। आखिर ऐसा कौन-सा संरक्षण था, जिसके चलते निर्माण कार्य लगातार चलता रहा और जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।अब शहर में कई सवाल उठ रहे हैं। क्या इन दुकानों के निर्माण की विधिवत अनुमति ली गई थी? क्या स्वीकृत भवन नक्शा मौजूद है? यदि नहीं, तो नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे थे? क्या यह पूरा मामला अधिकारियों और निर्माणकर्ताओं की कथित मिलीभगत का परिणाम है या फिर प्रभावशाली लोगों के दबाव में नियमों को नजरअंदाज किया गया?नगर निगम अक्सर छोटे-छोटे अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई का दावा करता है, लेकिन इतने बड़े कथित निर्माण पर अब तक कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। यदि निर्माण अवैध है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी, और यदि वैध है तो नगर निगम संबंधित अनुमति और दस्तावेज सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करे।
किसके संरक्षण में खड़ी हो गईं दुकानें? गजानन कॉम्प्लेक्स के बाजू नसरवान बाड़ा में कथित अवैध निर्माण पर
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया







