डेस्क। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के दूसरे चरण का नया पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार अगस्त और सितंबर के दौरान देश में कुल मिलाकर सामान्य बारिश होने की संभावना है। हालांकि कई राज्यों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हो सकती है। मध्य प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन 5 अगस्त से कुछ इलाकों में फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
4 अगस्त तक हल्की बारिश, 5 अगस्त से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग में बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि 4 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में बिखरी हुई बारिश देखने को मिलेगी। 5 अगस्त के बाद कुछ जिलों में फिर से भारी बारिश होने के संकेत हैं।
मध्य प्रदेश में अब तक औसत से 15% कम बारिश
इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 19 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45 मिलीमीटर बारिश आगर-मालवा जिले के बरोद में रिकॉर्ड की गई।
अगस्त-सितंबर में कैसी रहेगी बारिश?
आईएमडी के अनुसार अगस्त और सितंबर के दौरान देश में कुल बारिश दीर्घकालीन औसत के करीब रहने का अनुमान है। हालांकि अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने के संकेत हैं।
वहीं मध्य भारत, प्रायद्वीपीय भारत, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत के चुनिंदा क्षेत्रों में सामान्य या उससे अधिक बारिश हो सकती है। अगस्त महीने में भी देशभर में औसत बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
तापमान रहेगा सामान्य से ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार अगस्त के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
विभाग ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनी हुई है और इसके और मजबूत होने की संभावना है। इसका असर मानसून की गतिविधियों पर पड़ सकता है।
ये खबर भी पढ़ें..









