देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए किराये का एक नया विकल्प पेश किया है. कंपनी ने 'इंडिगो लाइट फेयर' नाम से एक नया इकोनॉमी प्लान लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य उन यात्रियों को कम कीमत पर यात्रा का विकल्प देना है जो केवल केबिन बैगेज के साथ सफर करते हैं. इस नई सुविधा के तहत यात्रियों को चेक-इन बैगेज की सुविधा नहीं मिलेगी, लेकिन इसके बदले टिकट की कीमत पहले की तुलना में कम होगी.
आज से शुरू हुई बुकिंग
इंडिगो ने बताया कि 'इंडिगो लाइट फेयर' की बुकिंग बुधवार से शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह सुविधा केवल एयरलाइन के आधिकारिक प्लेटफॉर्म जैसे वेबसाइट, मोबाइल ऐप और कॉन्टैक्ट सेंटर के जरिए ही उपलब्ध होगी. इस किराये का लाभ 15 जुलाई 2026 या उसके बाद की यात्रा के लिए लिया जा सकेगा. यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की नॉन-स्टॉप उड़ानों पर लागू रहेगी. साथ ही इसे एकतरफा, राउंड ट्रिप और मल्टी-सिटी यात्रा के लिए भी चुना जा सकेगा.
क्या मिलेंगी सुविधाएं
इस नए किराये के विकल्प में यात्रियों को कम बेस फेयर के साथ 7 किलोग्राम तक केबिन बैगेज ले जाने की अनुमति मिलेगी. इसके अलावा सीट अपने आप आवंटित कर दी जाएगी और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा. हालांकि यदि कोई यात्री चेक-इन बैगेज, पसंदीदा सीट, भोजन या फास्ट फॉरवर्ड जैसी अतिरिक्त सुविधाएं चाहता है, तो उसे इसके लिए अलग से भुगतान करना होगा. इन सेवाओं को उड़ान रवाना होने से एक घंटे पहले तक वेबसाइट या एयरपोर्ट के माध्यम से खरीदा जा सकेगा.
ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम का मिलेगा लाभ
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इस नए किराये का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को इंडिगो के ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम के सभी मौजूदा लाभ पहले की तरह मिलते रहेंगे. यानी कम किराया चुनने से लॉयल्टी प्रोग्राम की सुविधाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया फैसला
इंडिगो के मुख्य रणनीतिक अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार नए उत्पाद पेश कर रही है. उनके अनुसार यह नया प्लान खासतौर पर उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है जो कम सामान के साथ यात्रा करते हैं और केवल उन्हीं सेवाओं के लिए भुगतान करना चाहते हैं जिनकी उन्हें वास्तव में आवश्यकता होती है. उन्होंने कहा कि यह कदम हवाई यात्रा को अधिक किफायती और ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में उठाया गया है.
एयरलाइन कंपनियां अपना रही हैं नई रणनीति
हाल के महीनों में विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत में इजाफे के कारण एयरलाइन कंपनियां अपने बिजनेस मॉडल में बदलाव कर रही हैं. अब कई कंपनियां पहले से शामिल सुविधाओं को अलग-अलग विकल्प के रूप में उपलब्ध करा रही हैं ताकि यात्री अपनी जरूरत के अनुसार सेवाएं चुन सकें. इससे पहले एयर इंडिया भी घरेलू यात्रियों के लिए 'बेसिक फेयर' शुरू कर चुकी है, जिसमें भोजन जैसी कुछ सुविधाएं छोड़ने पर किराये में छूट दी जाती है.









