इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन और झांकियों के आयोजन के बाद अगले दिन इंदौर में स्थानीय अवकाश घोषित नहीं किया जाएगा। हर साल अनंत चतुर्दशी की रात निकलने वाली झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक जागते हैं। इसी वजह से अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने की परंपरा रही है।
इस बार जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को स्थानीय अवकाश घोषित नहीं किया है। बताया जा रहा है कि जिला कलेक्टर शिवम वर्मा की ओर से पहले ही जिले के लिए निर्धारित तीन स्थानीय अवकाश घोषित किए जा चुके हैं। इसके अलावा अहिल्या उत्सव के दिन आधे दिन का अवकाश भी घोषित किया गया है।
तीन स्थानीय अवकाश की सीमा के कारण फैसला
प्रशासन के मुताबिक जिला कलेक्टर को एक वर्ष में अधिकतम तीन स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार होता है। निर्धारित सीमा के तहत स्थानीय अवकाश पहले ही घोषित किए जा चुके हैं। इसी कारण इस बार अनंत चतुर्दशी के बाद 26 सितंबर को अतिरिक्त स्थानीय अवकाश नहीं रहेगा।
शनिवार होने से सरकारी कार्यालय पहले से बंद
हालांकि 26 सितंबर को स्थानीय अवकाश घोषित नहीं किया गया है, लेकिन यह दिन शनिवार है। शनिवार के कारण शासकीय कार्यालयों में पहले से निर्धारित साप्ताहिक अवकाश रहेगा। यानी स्थानीय अवकाश नहीं होने के बावजूद सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इस बार प्रशासन के फैसले से अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश की वर्षों पुरानी व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
BIG BREAKING: बीजेपी में ‘भाई साहबों’ की नियुक्ति… थोकबंद संगठन महामंत्रियों की नियुक्ति!









