इंदौर/खबर डिजिटल/नरेन्द्र महावर/ इंदौर नगर निगम में सिटी फॉरेस्ट से निगम की लकड़ी बेचने के आरोप में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सहायक प्रभारी सिटी फॉरेस्ट मितुल सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मितुल सोनी का मूल पद(स्वच्छता निरीक्षक) का है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, मितुल सोनी पर अपने शासकीय दायित्वों का दुरुपयोग कर सिटी फॉरेस्ट में निगम के अधिपत्य वाली लकड़ी को बेचने का आरोप है। इस कथित कृत्य से नगर निगम को आर्थिक नुकसान होने की बात भी सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने निलंबन के साथ विस्तृत विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि सिटी फॉरेस्ट से लकड़ी बेचने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो और इससे संबंधित जानकारी के विभिन्न समाचार माध्यमों में सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया। प्रारंभिक स्तर पर सहायक प्रभारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों का कहना है कि शासकीय सेवा में रहते हुए निगम की संपत्ति से जुड़ी किसी भी अनियमितता को गंभीर कदाचार माना जाता है। प्रथम दृष्टया मामला निगम हितों के विरुद्ध पाया गया है, इसलिए जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को निलंबित किया गया है।
आचरण नियमों के उल्लंघन का आरोप
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि मितुल सोनी का कथित कृत्य मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत है। निलंबन अवधि के दौरान विभागीय जांच कर तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।









