इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने इंदौर प्रवास के दौरान रतलाम मंडल में चल रही महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पातालपानी-ओंकारेश्वर रोड रेलखंड पर जारी आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण किया और इंदौर में निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति जानी। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण के दौरान गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
पातालपानी-ओंकारेश्वर रोड गेज परिवर्तन का निरीक्षण
रामाश्रय पाण्डेय ने पातालपानी-ओंकारेश्वर रोड रेलखंड के बीच चल रहे आमान परिवर्तन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली। इसके बाद इंदौर में आयोजित बैठक में निर्माण विभाग की ओर से पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न रेल परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी गई।

इन प्रमुख परियोजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे कई महत्वपूर्ण रेल विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें प्रमुख रूप से—
इंदौर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य
इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना
टीही के पास निर्माणाधीन टनल
लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म का निर्माण
पातालपानी-ओंकारेश्वर रोड रेलखंड का आमान परिवर्तन
नर्मदा नदी पर निर्माणाधीन रेल ब्रिज
उज्जैन बाईपास रेल लाइन सहित अन्य निर्माण कार्य
महाप्रबंधक ने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य पूरा होने की समय-सीमा को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
समय सीमा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
महाप्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और परियोजनाओं के दौरान आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल परियोजनाओं में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
Gen-Z News: भोपाल में फूटा Gen-Alpha का गुस्सा… DMS के बच्चों की जमकर नारेबाजी!
इंदौर से दाहोद तक किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
इंदौर से वापसी के दौरान पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने इंदौर से दाहोद तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक की संरक्षा और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की लगातार समीक्षा की जाए और कार्य में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार परियोजनाओं को पूरा किया जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
महाप्रबंधक के इंदौर दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक अक्षय कुमार, निर्माण विभाग और रतलाम मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी मौजूद रहे।









