इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाले दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में युवती की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी शादी तुड़वाने का प्रयास किया गया, जबकि दूसरे मामले में एक युवती का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप सामने आया है। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्ती से इनकार करने पर बनाई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि एक युवक ने दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसे परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने युवती और उसके परिजनों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके मंगेतर, ससुराल पक्ष और परिचितों को अशोभनीय संदेश भेजे, ताकि उसकी शादी टूट जाए। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सीमित वर्मा (कुमावत), पिता संतोष वर्मा, निवासी छोटी ग्वालटोली के रूप में हुई है। युवती ने शिकायत में बताया कि आरोपी कई दिनों से उसके घर के आसपास भी घूम रहा था और लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से गाली-गलौज व आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रास्ते में रोककर की छेड़छाड़, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
दूसरा मामला जूनी इंदौर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक स्नेह नगर स्थित एक निजी लैब के पास एक युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी काफी समय से उसका पीछा कर रहा था। घटना वाले दिन उसने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को देने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केतन चितले, निवासी कालानी नगर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दोनों मामलों की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में अलग-अलग धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध डिजिटल एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









