vaccine scam in mp: जबलपुर के पाटन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आदर्श विश्नोई पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, बच्चियों और लड़कियों के लिए आई सरकारी वैक्सीन को निजी अस्पतालों में बेच दिया गया, जिससे करीब 25 से 30 लाख रुपये का 'वैक्सीन घोटाला' सामने आया है।
इसके साथ ही, योग्य युवाओं की अनदेखी कर पैसों के लेन-देन के आधार पर आउटसोर्स कर्मचारियों की फर्जी नियुक्तियाँ करने, नियमों को ताक पर रखकर बिना अनुमति विदेश यात्राएं करने और अकूत बेनामी संपत्ति अर्जित करने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने एक उच्च स्तरीय तीन सदस्यीय जाँच कमेटी का गठन किया है। इस समिति में वर्तमान डीआईओ डॉ. विनोद गुप्ता, पूर्व डीआईओ व स्टोर इंचार्ज डॉ. दहिया और डीएचओ डॉ. विनीता पॉल को शामिल किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि कमेटी को प्रशासनिक और वैक्सीनेशन क्षेत्र का लंबा अनुभव है, और उन्हें सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जाँच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वे इस लड़ाई को न्यायालय तक ले जाएंगे।









