डेस्क। ट्रेन यात्रा के दौरान अधिकतर यात्री अपनी पसंद की सीट, खासकर लोअर बर्थ चाहते हैं। लेकिन कई बार टिकट बुक होने के बाद सीट आवंटन उम्मीद के मुताबिक नहीं होता। हालांकि IRCTC अपने यूजर्स को कुछ ऐसे विकल्प देता है, जिनकी मदद से पसंदीदा सीट मिलने की संभावना बढ़ाई जा सकती है।
भारतीय रेलवे का सीट आवंटन सिस्टम पूरी तरह ऑटोमैटिक प्रक्रिया पर आधारित है, लेकिन टिकट बुकिंग के समय यात्री अपनी प्राथमिकता दर्ज कर सकते हैं। इससे सिस्टम को यात्री की पसंद की जानकारी मिलती है और उपलब्ध सीटों के आधार पर उसी अनुसार सीट देने की कोशिश की जाती है।
मास्टर लिस्ट फीचर से पहले ही सेव करें बर्थ प्रेफरेंस
IRCTC अपने यूजर्स को Master List बनाने की सुविधा देता है। इस फीचर के जरिए यात्री की जरूरी जानकारी पहले से सेव की जा सकती है। इसमें नाम, उम्र और पसंदीदा बर्थ की डिटेल शामिल की जा सकती है।
इसके लिए यूजर को अपने अकाउंट में जाकर My Account सेक्शन के अंदर My Master List विकल्प चुनना होगा। यहां Add Passenger पर क्लिक करके जरूरी जानकारी भरने के बाद पसंदीदा बर्थ सिलेक्ट कर उसे सेव किया जा सकता है।
टिकट बुकिंग के समय जरूर चुनें Berth Preference
ट्रेन टिकट बुक करते समय यात्री विवरण भरने के दौरान Berth Preference का विकल्प दिखाई देता है। यहां से यात्री Lower Berth, Upper Berth या अन्य उपलब्ध विकल्प चुन सकते हैं। अगर यह विकल्प पहले ही भर दिया जाता है, तो सीट आवंटन के दौरान रेलवे सिस्टम उसे ध्यान में रखने की कोशिश करता है।
सीनियर नागरिकों को मिल सकती है प्राथमिकता
रेलवे सीनियर नागरिकों के लिए लोअर बर्थ कोटा भी उपलब्ध कराता है। टिकट बुकिंग के दौरान Quota सेक्शन में जाकर Lower Berth/Sr. Citizen विकल्प चुनने पर सिस्टम प्राथमिकता के आधार पर निचली सीट देने की कोशिश करता है। यह सुविधा पुरुष यात्रियों को 60 वर्ष या उससे अधिक आयु होने पर और महिला यात्रियों को 45 वर्ष या उससे अधिक आयु होने पर उपलब्ध होती है।
ऐसे बढ़ सकती है पसंदीदा सीट मिलने की संभावना
IRCTC के अलग-अलग बुकिंग फीचर्स यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार प्राथमिकताएं दर्ज करने का मौका देते हैं। हालांकि सीट आवंटन पूरी तरह उपलब्धता और रेलवे सिस्टम पर निर्भर करता है, लेकिन इन विकल्पों का सही इस्तेमाल करने से पसंदीदा सीट मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
ये खबर भी पढ़ें..









