Digvijaya Singh BJP: मध्यप्रदेश कांग्रेस की मौजूदा सियासत में इस समय पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के बीच का मामला तूल पकड़ा ही जा रहा है। दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर प्रदेश कांग्रेस के कई दिग्गजों ने उनका विरोध खुलकर किया है। कांग्रेस की इस खिंचतान के बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बीजेपी में जाने की खबरों को हवा मिल गई है।
दरअसल, भाजपा के फायरब्रांड विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने दिग्विजय सिंह को बीजेपी में शामिल होने का ऑफर दे डाला है, जिसने सूबे की राजनीति का पारा अचानक चरम पर पहुंचा दिया है। मीडिया से रूबरू होते हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने मजाकिया अंदाज में तंज कसाते हुए कहा है कि महाराज तो बहुत पहले ही हमारे साथ भाजपा में आ चुके हैं, अब अगर राजा भी कांग्रेस छोड़ हमारे पाले में आ जाएं, तो देश और प्रदेश की राजनीति में राजा-महाराजा की एक जोड़ी सेट हो जाएगी।
शोर-शराबे की जरूरत नहीं
विधायक लोधी ने दिग्विजय को आदेश देते हुए कहा कि उन्हें किसी शोर-शराबे या संकोच की जरूरत नहीं है, वे जब चाहें चुपचाप आकर भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इतना ही नही भाजपा विधायक ने दिग्विजय सिंह के राजनीतिक अनुभव की तारीफ करते हुए उन्हें सूबे का सबसे मंझा हुआ नेता भी बताया।
पटवारी को नसीहत
तो वही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला करते हुए कहा कि पटवारी को इस तरह सीनियर नेताओं को टारगेट करने के बजाय उनसे राजनीति सीख लेनी चाहिए। विधायक लोधी के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रवाद की इस मुख्यधारा में बीजेपी के दरवाजे हर अनुभवी चेहरे के लिए खुले हैं। फिलहाल इस न्योते पर राजा साहब या पीसीसी दफ्तर की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया या पलटवार सामने नहीं आया है।









