Uma Bharti Rajya Sabha : मध्यप्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होती जा रही है। एक ओर कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी है, वहीं भाजपा खेमे में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती के हालिया बयान ने नई अटकलों को जन्म दे दिया है। टीकमगढ़ में दिए गए उनके बयान के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे राज्यसभा चुनाव में भाजपा की संभावित उम्मीदवार हो सकती हैं।
राजनीति में बने रहने का संकेत
उमा भारती ने अपने एक बयान में कहा है कि वे राजनीति से संन्यास लेने के मूड में नहीं हैं और जीवन भर सक्रिय रहना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वे जीवित हैं, तब तक राजनीति के मैदान में डटी रहेंगी। उमा भारती अपने संबोधन के दौरान भावुक भी नजर आईं और लोगों से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि उम्र के साथ शारीरिक स्थिति कमजोर भी हो जाए, तब भी वे सार्वजनिक जीवन से दूर नहीं होना चाहेंगी और समाज के सहयोग से काम जारी रखेंगी। उमा भारती ने यह भी कहा कि वे वीरांगना अवंती बाई लोधी के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए जीवन भर राजनीति में सक्रिय रहना चाहती हैं।
राज्यसभा को लेकर चर्चाएं तेज
प्रदेश में जून में खाली होने वाली राज्यसभा सीटों को लेकर समीकरण बन रहे हैं। माना जा रहा है कि तीन सीटों में से दो भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में जाएगी। ऐसे में उमा भारती के सक्रिय राजनीति में बने रहने के बयान के बाद उनके राज्यसभा जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल भाजपा की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है।









