Itarsi-Jabalpur Train: इटारसी-जबलपुर रेल रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने इटारसी-मदन महल पैसेंजर ट्रेन को रोजाना चलाने की मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के शुरू होने से इटारसी, नर्मदापुरम और जबलपुर के बीच आने वाले छोटे स्टेशनों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
यह पैसेंजर ट्रेन इटारसी से जबलपुर के मदन महल स्टेशन के बीच करीब 242 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन को यह दूरी तय करने में करीब 5 घंटे 5 मिनट लगेंगे। रेलवे की ओर से जल्द ही सेवा शुरू किए जाने की संभावना है।
छोटे स्टेशनों के यात्रियों को होगा फायदा
इटारसी-जबलपुर रेलखंड पर फिलहाल कई एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें से ज्यादातर ट्रेनें बड़े स्टेशनों पर ही रुकती हैं। ऐसे में छोटे स्टेशनों और आसपास के गांवों में रहने वाले यात्रियों को आने-जाने में परेशानी होती है।
पैसेंजर ट्रेन के रोजाना संचालन से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। नौकरी, पढ़ाई, इलाज और कारोबार के लिए रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी होगी।
इटारसी से 11:40 बजे चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड की समय-सारिणी के मुताबिक ट्रेन नंबर 51673 इटारसी जंक्शन से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और शाम 4:45 बजे मदन महल पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 51674 मदन महल से शाम 5:50 बजे चलेगी और रात 10:55 बजे इटारसी जंक्शन पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी पैसेंजर
ट्रेन इटारसी और मदन महल के बीच कई छोटे और बड़े स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें बगरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बांखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव करीब 2 मिनट का रहेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी ट्रेन पकड़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
ये खबर भी पढ़ें..









