जबलपुर में बहुजन समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय संयोजक दामोदर यादव ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'हिंदू राष्ट्र यात्रा' के ऐलान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जबलपुर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह लेने पहुंचे हैं और इस यात्रा को रोकने के लिए जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे। यादव ने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना में देश को पंथनिरपेक्ष घोषित किया गया है,
ऐसे में हिंदू राष्ट्र की मांग वाली यात्रा पूरी तरह से गैर-संवैधानिक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस यात्रा को अनुमति दी, तो उनकी पार्टी भी इसके जवाब में बालाघाट से मुरैना तक 'बहुजन राष्ट्र यात्रा' निकालेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दामोदर यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संविधान या आरक्षण से जुड़े मुद्दे आते हैं, तो कांग्रेस के नेता चुप्पी क्यों साध लेते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साफ करते हुए कहा कि चंबल, ग्वालियर और बुंदेलखंड के बाद अब पार्टी महाकौशल क्षेत्र में अपना आधार मजबूत कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वे 2027 के यूपी विधानसभा, 2028 के मध्य प्रदेश विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।









