जबलपुर/ खबर डिजिटल/ मनीष तिवारी/ मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने जबलपुर के होम साइंस कॉलेज के एक सराहनीय कदम की जमकर तारीफ की है। कॉलेज ने परीक्षा समाप्त होने के मात्र 15 दिनों के भीतर 63 विषयों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं।
शिक्षा मंत्री ने इसे बेहद स्वागत योग्य और ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि बाकी बचे 40 विषयों के परिणाम भी अगले 10 से 12 दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। इस तरह जून के महीने में ही सभी विषयों के परीक्षा परिणाम छात्रों के सामने आ जाएंगे, जिससे उनके आगे की पढ़ाई की राह आसान होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह त्वरित कार्रवाई मध्य प्रदेश सरकार की उस नीति के बिल्कुल अनुकूल है, जिसके तहत शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन करना और समय पर परीक्षा व परिणाम देना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने होम साइंस कॉलेज परिवार को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह पहल राज्य के अन्य ऑटोनॉमस महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के लिए भी एक प्रेरणा का काम करेगी। इस कदम से अन्य शिक्षण संस्थानों पर भी समय पर परिणाम देने का एक सकारात्मक दबाव बनेगा।









