जबलपुर के नवागत कलेक्टर के रूप में अरुण विश्वकर्मा ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जबलपुर में औद्योगिक विकास और पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं,
जिन्हें बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। इसके साथ ही, रक्षा और रेलवे जैसे बड़े संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए टीम भावना के साथ काम किया जाएगा।
नवागत कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक कामकाज में जनशिकायतों का त्वरित निराकरण और नागरिकों की संतुष्टि उनका मुख्य फोकस रहेगा। आगामी त्योहारों, विशेषकर नवरात्रि और दशहरा को लेकर उन्होंने जबलपुर के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि पर्वों के दौरान शांति, व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि सभी लोग उत्साह के साथ त्योहार मना सकें।









