जबलपुर/ खबर डिजिटल/ मनीष तिवारी/ वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के चलते डामर के दामों में आई भारी तेजी के बावजूद जबलपुर शहर के विकास कार्यों पर ब्रेक नहीं लगेगा। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने एक सराहनीय फैसला लेते हुए ठेकेदारों को डामर के बढ़े हुए दामों का अंतर देने की मंजूरी दे दी है, ताकि शहर की सड़कों का कायाकल्प समय पर हो सके। इस ऐतिहासिक फैसले के तुरंत बाद नगर निगम ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब ₹5 करोड़ की लागत से शहर में डामरीकरण के कार्यों की शुरुआत कर दी है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत जबलपुर शहर की लगभग 47 प्रमुख सड़कों का नवीनीकरण किया जाना है, जिसकी पहली कड़ी के रूप में गँजीपुरा क्षेत्र में मालवीय चौक से लेकर लाडगंज तक की सड़क का काम शुरू हो चुका है। इस आधुनिक सड़क पर शानदार पट्टियाँ और केटाई लगाई जाएँगी, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित होगा। मीडिया से बातचीत करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि नगर निगम अब तक करीब ₹700 करोड़ की राशि से सड़कों और नाली-नालियों का निर्माण पूरा कर चुका है, और आने वाले वर्ष में ₹200 करोड़ के और भी विकास कार्य प्रस्तावित हैं जो शहर की सूरत बदल कर रख देंगे।







